EVM विवाद के बाद चुनाव आयोग ने कराया दोबारा मतदान
पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है। सुबह 11 बजे तक करीब 43% मतदान दर्ज किया गया है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
चुनाव के लिए कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। पिछली बार 29 अप्रैल को यहां मतदान हुआ था, लेकिन कई बूथों पर EVM में गड़बड़ी और भाजपा के बटन पर टेप चिपके होने के आरोप सामने आए थे। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने रीपोलिंग का आदेश दिया था।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। पहले जहां प्रत्येक बूथ पर 4 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते थे, वहीं अब हर बूथ पर 8 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
फालता सीट पर मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है।
TMC उम्मीदवार जहांगीर खान मौखिक रूप से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा कर चुके हैं। हालांकि, इस संबंध में लिखित सूचना दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। इसी वजह से EVM में उनका नाम और चुनाव चिह्न अभी भी मौजूद है।
राजनीतिक दलों और प्रशासन की नजर मतदान प्रक्रिया पर बनी हुई है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था भी की है।
फालता सीट के चुनाव परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
