पानीपत के अर्जुन नगर में दो गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर बैठे मकान मालिक और उसके किराएदार पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के पानीपत के अर्जुन नगर क्षेत्र में सरेआम गुंडागर्दी और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। यहां दो गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर बैठे मकान मालिक और उसके किराएदार पर हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित यश ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने किराएदार साहिल के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो गाड़ियां वहां आकर रुकीं। गाड़ियों से निखिल उर्फ टिंकू, अमित उर्फ फुकरा और उनके साथ कई अन्य युवक नीचे उतरे। आरोप है कि सभी के हाथों में हथियार थे और वे पहले से हमला करने की नीयत से आए थे।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों के पास अवैध बंदूक, तलवार, गंडासी और लाठी-डंडे थे। आते ही उन्होंने बिना किसी बातचीत के यश और साहिल पर हमला शुरू कर दिया। दोनों को चारों तरफ से घेरकर हथियारों और डंडों से पीटा गया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां भी दीं। यश ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की साहिल के साथ पहले से रंजिश चल रही थी और वे पहले भी धमकी देकर जा चुके थे। वारदात के बाद आरोपी दोनों को मरा समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर निखिल उर्फ टिंकू, अमित उर्फ फुकरा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
