Gurmeet Ram Rahim Singh को एक बार फिर 30 दिन की पैरोल मिली है। पैरोल मिलने के बाद डेरा प्रमुख आज जेल से बाहर आ गया। यह 16वीं बार है जब राम रहीम को जेल से बाहर आने की अनुमति मिली है।
राम रहीम साध्वियों के यौन शोषण और हत्या से जुड़े मामलों में सजा काट रहा है। उसे अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद जेल भेजा गया था। इसके बावजूद पिछले कुछ वर्षों में उसे कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है, जिसको लेकर अक्सर राजनीतिक और सामाजिक बहस छिड़ती रही है।
पैरोल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राम रहीम के समर्थकों में पैरोल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, जबकि विरोधी पक्ष लगातार इस पर सवाल उठाता रहा है।
पिछली बारों की तरह इस बार भी पैरोल को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि गंभीर मामलों में सजा काट रहे व्यक्ति को बार-बार पैरोल मिलना कई सवाल खड़े करता है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पैरोल कानूनी प्रक्रिया और निर्धारित नियमों के तहत दी गई है।
फिलहाल राम रहीम की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
