महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी पकड़े गए
रेवाड़ी में बुजुर्ग दंपत्ति को डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने महिला समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस केस में अब तक कुल 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह के हर सदस्य की अलग-अलग भूमिका थी।
जानकारी के मुताबिक, धारूहेड़ा सेक्टर-6 निवासी एक्स सर्विसमैन राजपाल के पास 27 फरवरी को एक कॉल आई। कॉलर ने उनकी आईडी से गलत सिम खरीदने और न्यूड फोटो व मैसेज भेजने का आरोप लगाया। अगले दिन खुद को ट्राई और CBI अधिकारी बताकर आरोपियों ने दंपत्ति को “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया।
आरोपियों ने डर दिखाकर कहा कि मामले से बचने के लिए पैसे ट्रांसफर करने होंगे। इसके बाद दंपत्ति को 51 दिनों तक मोबाइल ऐप के जरिए निगरानी में रखा गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने दंपत्ति की प्रॉपर्टी तक बिकवा दी और पूरी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। साइबर पुलिस बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी अधिकारी या डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से सतर्क रहें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
