राजस्थान समेत कई राज्यों में बिके प्रश्नपत्र!
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। एजेंसी के अनुसार, NEET परीक्षा का पेपर 5 राज्यों में बेचा गया था, जिसमें महाराष्ट्र सबसे बड़ा केंद्र बनकर सामने आया है। दूसरा स्थान राजस्थान का बताया जा रहा है।
CBI अधिकारियों के मुताबिक, अब तक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल गैजेट्स की जांच के बाद यह जानकारी सामने आई है।
जांच में पता चला है कि महाराष्ट्र से पेपर और तथाकथित ‘क्वेश्चन बैंक’ राजस्थान समेत अन्य राज्यों के छात्रों तक पहुंचाया गया। एजेंसी को ऐसे सबूत भी मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि पेपर के प्रिंट निकालकर आगे बेचे गए थे।
CBI का कहना है कि मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जांच एजेंसी फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि कितने छात्रों तक पेपर पहुंचा था, क्योंकि कई लोगों ने इसे आगे भी साझा और बेचा।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ छात्रों के परिजनों ने कथित तौर पर पेपर को दूसरे लोगों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पेपर लीक मामले ने देशभर में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों और अभिभावकों में इस मामले को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
फिलहाल, CBI डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और आरोपियों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
