सरयू नदी घाट पर हुआ दर्दनाक हादसा
गोंडा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सरयू नदी के घाट पर सास के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे दामाद को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे युवक घाट पर चिता के लिए गड्ढा खोद रहा था। खुदाई पूरी करने के बाद वह हाथ धोने के लिए नदी किनारे पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही युवक ने नदी से पानी उठाने की कोशिश की, अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे पानी के अंदर खींच ले गया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात कही जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सतर्क रहने और गहरे पानी के पास न जाने की अपील की है।
फिलहाल, घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और पूरे इलाके में दहशत बनी हुई है।
