हरियाणा के पंचकूला में एक डेयरी पर चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक ने महज तीन मिनट में दुकान के गल्ले से नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय डेयरी संचालक कुछ देर के लिए बाथरूम गया हुआ था। इसी दौरान हेलमेट पहनकर एक युवक दुकान के अंदर दाखिल हुआ। उसने पहले इधर-उधर नजर दौड़ाई और यह सुनिश्चित किया कि दुकान में कोई मौजूद नहीं है।
इसके बाद आरोपी सीधे काउंटर पर पहुंचा और गल्ला खोलकर उसमें रखी नकदी निकाल ली। पूरी वारदात को उसने कुछ ही मिनटों में अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। जब दुकानदार वापस लौटा तो गल्ले से कैश गायब मिला। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के व्यापारियों से भी सतर्क रहने और दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की गई है।
