7,994 पदों के लिए 44 जिलों में हो रही परीक्षा
उत्तर प्रदेश में 7,994 पदों के लिए लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। आज और कल मिलाकर 3.66 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई। गोरखपुर में महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाए गए और चूड़ी व मंगलसूत्र तक उतरवाए गए। अभ्यर्थी विजयलक्ष्मी तिवारी ने बताया कि पैरों की बिछिया छोड़कर लगभग सभी गहने उतरवा लिए गए। हाथों में सिर्फ एक-एक चूड़ी रखने की अनुमति दी गई।
सीतापुर में बालों के क्लेचर और कड़े उतरवाए गए, जबकि उन्नाव में भी महिला अभ्यर्थियों से क्लेचर हटवाए गए। हाथरस में कानों के कुंडल और कंगन उतरवाए गए, वहीं मेरठ में जूते तक उतरवाए गए।
गोंडा में पानी की बोतलों के रैपर हटवाने के बाद ही उन्हें अंदर ले जाने की अनुमति दी गई।
सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। देवरिया में PAC, STF और SOG की टीमों को भी निगरानी के लिए तैनात किया गया है। यहां अभ्यर्थियों की बेल्ट तक उतरवाई गई।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
